–जिलाधिकारी ने आवासन स्थलों का किया निरीक्षण, पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
जहानाबाद। राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस उत्सव में बिहार के सभी जिलों से लगभग 2800 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतिभागियों के ठहरने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने आवासन के लिए चिह्नित विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जिलों से आने वाले प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था बेहतर और व्यवस्थित तरीके से की जाए। आवासन स्थलों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और प्रतिभागियों को ठहरने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव जिले के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। ऐसे में उनके आवासन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण के दौरान आवासन के लिए चिह्नित विद्यालयों और महाविद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं की स्थिति भी देखी गई। कुछ स्थानों पर खिड़कियों के टूटे शीशे, दरवाजे और अन्य क्षतिग्रस्त संरचनाओं को दुरुस्त कराने की आवश्यकता पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित संस्थानों के प्रधानाध्यापकों और व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि सभी टूटे शीशों, खराब दरवाजों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आवासन स्थलों पर नियमित साफ-सफाई हो, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध रहे और बिजली एवं शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रहे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को जहानाबाद में बेहतर आतिथ्य और सुविधाएं मिलें। आयोजन के दौरान स्वच्छता, व्यवस्था और प्रतिभागियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक लेखा प्रशासन, निदेशक एनईपी, पीएचईडी एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।