मुख्यमंत्री जी ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। निवेशक बिहार पर विश्वास करें, उद्योगों का विस्तार करें और राज्य की प्रगति में अपना योगदान दें। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री जी ने निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि निवेश संबंधी स्वीकृति 30 दिनों के भीतर दी जाएगी। निर्धारित समय में निर्णय नहीं होने पर 31वें दिन स्वतः स्वीकृति (Deemed Approval) का प्रावधान लागू होगा।
मुख्यमंत्री जी ने रोजगार और महिला सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। साथ ही, 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प है। अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी राज्य सरकार निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। ₹23,000 करोड़ की बिजली सब्सिडी के माध्यम से 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, आज 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया।