Saturday, 31 October 2026 | 12:59 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर राकिशसं का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह प्रारंभ

राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने सहकारी गन्ना विकास समिति प्रांगण में गुरुवार को बजाज हिन्दुस्तान शुगर लिमिटेड के प्रांगण में बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरने के रूप में प्रारंभ हो चुका है।
Share:
लखीमपुर खीरी : बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर राकिशसं का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह प्रारंभ
गोला गोकर्णनाथ: राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने सहकारी गन्ना विकास समिति प्रांगण में गुरुवार को बजाज हिन्दुस्तान शुगर लिमिटेड के बकाया गन्ना भुगतान, गन्ना मूल्य 600 रुपए, बाढ़ अतिवृष्ट से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने, जंगली जानवर बाघ तेंदुआ हाथी सुअर एवं छुट्टा पशुओं से किसानों की फसल सुरक्षा सहित मांगो को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरने के रूप में प्रारंभ हो चुका है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि चीनी मिलों का नवीन पेराई सत्र शुरू होने वाला है लेकिन अब तब पिछले पेराई सत्र का करोड़ों रुपया बकाया है जिस पर अपने को किसान मसीहा कहलवाने वाले किसान संगठनों के नेता चुप हैं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वर्षों का ब्याज दिलाने का दम भर रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट वर्ष 1997 में बुलंदशहर की अगौता चीनी मिल का गन्ना भुगतान ब्याज सहित करवा चुका है।  इसके बाद वर्ष 2004 में सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ गन्ना भुगतान पर ब्याज देने का आदेश कर चुकी है लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद चीनी मिलों ने ब्याज नहीं दिया, लेकिन अपने को किसान मसीहा कहलवाने वाले किसान संगठन के नेताजी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवज्ञा करने वाली चीनी मिलों के विरुद्ध अवमानना की कार्रवाई नहीं की और अब 2004 के बाद हुए नवीन आदेश पर किसानों को ब्याज दिलाने का दम भरकर अपना संगठन बढ़ाने के लिए किसानों को लंबी लाइनों में खड़ा करवा दिया।

राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने बताया जब धरने पर कजाज मिल के गन्ना प्रबंधक पी एस चतुर्वेदी और कारखाना प्रबंधक अजीत तिवारी धरने पर किसानों से वार्ता करने पहुंचे, तब किसानों ने वार्ता के दौरान कहा कि किसानों का बकाया गन्ना भुगतान 100 करोड़ रुपए तत्काल और शेष बकाया भुगतान दीपावली से पहले करवा दिया जाए। 

राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने बताया कि किसानों से बकाया गन्ना भुगतान की बात न बनने पर किसानों ने उन्हें बंधक बना कर धरने पर बैठा लिया। जो लगभग दो घंटे तक धरने पर ही बैठे रहे। इसके बाद उन्हें रात तक का समय देकर जाने दिया गया। किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष शिवदयाल वर्मा, संतोष सिंह भदौरिया, डेलीगेट अनिल कुमार, राधेश्याम, राजेश कुमार, जगदीश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।