पटना। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को प्रोत्साहित करने का निर्देश जारी किया है। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार चौधरी ने 30 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
विभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में इसके इस्तेमाल से समय की बचत के साथ-साथ तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों को सरल और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण के कार्यों में भी AI आधारित एप्लीकेशन काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। विशेष रूप से ChatGPT और Cloud जैसे एप्लीकेशन के माध्यम से कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पदस्थापित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी है। विशेष रूप से सरकारी पत्रों एवं विभागीय पत्राचार तैयार करने में ChatGPT और Cloud जैसे AI आधारित एप्लीकेशन के उपयोग को उपयोगी बताया गया है।
निर्देश में बिहार सरकार के मुख्य सचिव के पत्र तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संकल्प का भी हवाला दिया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस पहल से बिहार की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल तकनीक के विस्तार और सरकारी कार्यों में आधुनिक तकनीकी साधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।