फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 जनपद में अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत और यातायात निरीक्षक ओमप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने स्लीपर बसों की जांच की।
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच 2.0’ के तहत बिना परमिट, बिना फिटनेस तथा सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले स्लीपर बसों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान टीम ने बसों की परमिट, फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। जांच में सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर 8 स्लीपर बसों का चालान किया गया, जबकि 6 स्लीपर बसों को सीज कर दिया गया।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान संबंधित स्लीपर बसों पर 1.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा 1.40 लाख रुपये का कर आरोपित किया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार स्लीपर बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म सिस्टम और फर्स्ट एड जैसी आवश्यक सुरक्षा सुविधाओं का होना जरूरी है। इसके साथ ही चालक के नशे अथवा नींद की स्थिति में वाहन चलाने जैसे मामलों पर भी विशेष निगरानी की जा रही है।
परिवहन विभाग फर्रुखाबाद ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों और कर बकाया वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कठोर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
