मैनपुरी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद के डिलाह, कुसमरा में ‘सम्राट अशोक बुद्ध विहार सेवा समिति’ के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान गौतम बुद्ध के सिद्धांतों की समकालीन प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार रखे गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, करुणा और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं प्राचार्य डॉ. राम बक्श सिंह वर्मा रहे, जबकि कवि एवं पर्यावरण प्रहरी हरिगोविंद शाक्य ‘हरि’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करहल से पधारे कवि प्रेमचंद शाक्य ‘प्रेम’ ने की तथा संचालन डॉ. हरिश्चंद्र शाक्य ने किया। महाबोधि महाविद्यालय के प्रबंधक गिरन्द सिंह ‘टाटा’ ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा शपथ दिलाई गई। कवि सम्मेलन में उपस्थित साहित्यकारों ने बुद्ध के धम्म दर्शन तथा सम्राट अशोक के मानवतावादी संदेश पर आधारित काव्य पाठ और विचार प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध द्वारा बताए गए पंचशील, चार आर्य सत्य, अष्टांगिक मार्ग और पारमिताओं का पालन आज भी समाज को हिंसा, वैमनस्य और संघर्ष से बचाने का प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि प्रेम और शांति का मार्ग ही विश्व को संभावित युद्धों और संघर्षों से बचा सकता है। मुख्य अतिथि डॉ. राम बक्श सिंह वर्मा ने पाखंड और आडंबर से दूर रहकर जमीनी स्तर पर समाज सेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कवियों, साहित्यकारों और अतिथियों को शाल, माला, पंचशील पट्टिका और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
