रायबरेली। नशे में धुत मोटरसाइकिल सवार ने ट्यूशन पढ़कर साइकिल से लौट रही छात्रा को टक्कर मार दी जिससे छात्रा की मौत हो गई।
डीह थाना क्षेत्र के मधुकरपुर निवासी राम मिलन यादव की 14 वर्षीय पुत्री पलक यादव मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा 09 की छात्रा है। वो स्कूल से वापस आकर परशदेपुर के एनएच पब्लिक स्कूल में ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर जा रही थी। तभी महेशपुर के पास नशे में धुत मोटरसाइकिल चालक ने उसे टक्कर मार दी जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सलोन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोटरसाइकिल चालक प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर थाना क्षेत्र के बड़हुआ निवासी मुकेश सरोज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। बाकी दोनों लोग भाग गए। चौकी इंचार्ज मोहित शर्मा ने बताया कि चालक नशे में था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
