लखीमपुर खीरी : डीएम अंजनी कुमार सिंह ने ली जिला उद्योग बन्धु की बैठक, दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों, व्यापारियों एवं निर्यातकों की सभी जायज समस्याओं का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिल सके। बैठक का संचालन एडीएम न्यायिक ब्रजपाल सिंह ने किया। डीएम ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि त्वरित निस्तारण से न केवल औद्योगिक माहौल बेहतर होता है बल्कि प्रशासन के प्रति उद्यमियों का विश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही उद्यमी किसी भी समय कार्यालय या दूरभाष के माध्यम से अपनी समस्याएं प्रशासन को अवगत करा सकते हैं। बैठक में डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से देरी के कारणों की जानकारी ली और सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम युवा उद्यमी योजना एवं सीएम स्वरोजगार योजना के लंबित आवेदनों की बैंकवार समीक्षा करते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत जीबीसी में स्थापित औद्योगिक इकाइयों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने सभी परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं व समन्वित सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।औद्योगिक आस्थान की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। जिला पंचायत द्वारा नगर पंचायत सीमा तक नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जबकि शेष कार्य नगर पंचायत खीरी द्वारा कराया जाएगा, जिससे जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। बैठक में पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, ओडीओपी, एमवाईएसवाई सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की भी समीक्षा की गई। एडीएम न्यायिक ब्रजपाल सिंह ने पिछली बैठक के अनुपालन और जनपद में निवेश की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
=========
अंतर्राष्ट्रीय MSME दिवस : युवाओं को मिला स्वरोजगार का बड़ा तोहफा
डीएम ने लाभार्थियों को टूलकिट व 05-05 लाख के चेक किए वितरित
अंतर्राष्ट्रीय MSME दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को टूलकिट एवं आर्थिक सहायता प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में टेलरिंग एवं कारपेंटर ट्रेड के लाभार्थियों को टूलकिट दिए गए, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत विभिन्न युवाओं को 05-05 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। डीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।

Leave a Comment