एक ओर सैफ तो दूसरी तरफ सारा, बाप-बेटी के बीच होगा जबरदस्त क्लैश

जहां एक तरफ अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ अब 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं इसी दिन आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ भी रिलीज हो रही है, जिससे दोनों फिल्मों के बीच सीधी टक्कर होगी। खास बात ये है कि जहां एक तरफ ‘हैवान’ में सैफ अली खान होंगे, वहीं दूसरी तरफ उनकी बेटी सारा अली खान ‘उड़ता तीर’ में नजर आएंगी। इस वजह से ये क्लैश और भी मजेदार होने वाला है।

‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। दोनों इससे पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

फिल्म ‘हैवान’ को डायरेक्टर प्रियदर्शन ने बनाया है, जो अपनी शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’ और ‘गरम मसाला’ जैसी कॉमेडी फिल्में दी हैं, वहीं ‘कांचीवरम’ जैसी गंभीर फिल्म भी बनाई है। हाल ही में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ ‘भूत बंगला’ पर भी काम किया था।

इस फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। अक्षय कुमार ने 2025 में इस प्रोजेक्ट का ऐलान करते हुए कहा था कि यह फिल्म उनके लिए खास है और वह करीब 18 साल बाद सैफ अली खान के साथ काम कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि ‘हैवान’ 2016 की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ की हिंदी रीमेक है, जिसमें मोहनलाल लीड रोल में थे। फिल्म का म्यूजिक प्रीतम ने दिया है और प्रोडक्शन डिजाइन साबू सिरिल ने संभाला है।

वहीं दूसरी ओर ‘उड़ता तीर’ में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान एक बार फिर साथ नजर आएंगे। यह एक स्पाई-कॉमेडी फिल्म है। इससे पहले दोनों इस साल ‘पति पत्नी और वो 2’ में साथ दिखे थे। इस फिल्म को आकाश ए. कौशिक ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म के प्रोड्यूसर्स में करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन शामिल हैं।

Leave a Comment