एसपी ने किया विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद, समझाई अधिकारी बनने की प्रक्रिया
- जनपद के श्री गणेश इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
- विद्यार्थियो की जिज्ञासाओं का किया एसपी ने मार्गदर्शन
कासगंज।
बारहवीं के विद्यार्थियों के साथ नियमित संवाद, मार्गदर्शन एवं प्रेरित करने हेतु शनिवार को पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह द्वारा श्री गणेश इंटर कॉलेज कासगंज में भ्रमण किया गया।
संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह, डीआईओएस रजनेश कुमार, जिला समन्वयक विज्ञान क्लब डॉ जयंत कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य एच पी एन दुबे द्वारा मां सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक को वेज,अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एसपी ओ पी सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के युवा ही कल का भविष्य है। जीवन में सफलता हासिल करने लिए नैतिक नियमों एवं अनुशासन, निरन्तर सीखने की प्रवृत्ति, सकारात्मक सोच और लगातार मेहनत करने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा खुशी द्वारा पुलिस में भर्ती होने की प्रक्रिया के बारे में पूछने पर एसपी ने बताया कि कांस्टेबल पद के लिये मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं सब-इंस्पेक्टर पद के लिये मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी आवश्यक है। छात्र आयुष कुमार द्वारा पुलिस विभाग में बडे़ अधिकारी एवं छात्र केशव वार्ष्णेय द्वारा डीएम बनने की प्रक्रिया के बारे में पूछने पर समुचित जानकारी दी गई। उन्होंने कक्षा 6 से 12 तक की एनसीईआरटी की किताबों से अपने बुनियादी ज्ञान एवं समसामयिक घटनाओं के लिए प्रतिदिन दैनिक समाचार पत्रों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में डीआईओएस रजनेश कुमार द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार बघेल “प्रभात” द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एच पी एन दुबे,जिला समन्वयक विज्ञान क्लब डॉ जयंत कुमार गुप्ता, डीके सिंह, तेज बहादुर यादव, भूरेलाल, मनोज यादव आदि उपस्थित रहे।


