राष्ट्रीय खेल दिवस पर कासगंज में हॉकी प्रतियोगिता खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कासगंज। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, सोरों, कासगंज की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से खेल स्टेडियम, कासगंज में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।

प्रतियोगिता में 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में क्रीड़ा इण्डिया सेंटर और ग्राम फरनाराम की टीमों सहित अन्य टीमों ने हिस्सा लिया।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रतियोगिता के मुकाबलों में क्रीड़ा इण्डिया सेंटर ने ग्राम फरनाराम को 1-0 से हराया, जबकि अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में क्रीड़ा इण्डिया सेंटर और स्पोर्ट्स स्टेडियम सोरों की टीम आमने-सामने रहीं।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल और आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन उपक्रीड़ाधिकारी कासगंज श्री हरपाल सिंह द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों की मौजूदगी रही।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और ग्रामीण व स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा। जिला खेल विभाग ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment