फर्रुखाबाद में इंटर छात्र से मारपीट, नाम कटवाने की धमकी के बाद परिवार सदमे में, घर छोड़ने को मजबूर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 थाना क्षेत्र राजेपुर के ग्राम तेरा खास पोस्ट कनकापुर निवासी प्रशांत जाटव (पुत्र सुनील कुमार जाटव), जो नरेंद्र सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इंटरमीडिएट का छात्र है, के साथ कथित तौर पर दबंगों द्वारा मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र का परिवार सदमे में है और भय के कारण आशियाना छोड़ने को मजबूर बताया जा रहा है।

पीड़ित छात्र के अनुसार, दिनांक 25 फरवरी 2026 को वह हिरदेश कुमारी इंटर कॉलेज (राजेपुर) से परीक्षा देकर बाहर निकला ही था कि कुछ लोगों ने कॉलेज के पास उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपितों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और स्कूल से नाम कटवाने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर अन्य छात्रों के पहुंचने पर बीच-बचाव हुआ, तब जाकर छात्र की जान बच सकी।

परिजनों का कहना है कि आरोपित दबंग प्रवृत्ति के हैं और लगातार डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद से परिवार भयभीत है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से शिकायत कर सुरक्षा और आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Leave a Comment