कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 प्रदेशव्यापी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” के अंतर्गत कन्नौज के उमर्दा वन ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया सहित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।
इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को हरित एवं पर्यावरण समृद्ध बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्षारोपण से ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है और भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
