फर्रुखाबाद: ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड, दस मोबाइल सिम, दो बैंक पासबुक तथा 1,350 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ की टीम ने प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच की। जांच के दौरान थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम भुसेरा निवासी सुरजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी नक्षत्र पाल सिंह निवासी जनपद हरदोई के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने का झांसा देकर फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग के माध्यम से लोगों से साइबर ठगी करता था। आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ में मु.अ.सं. 09/2026 के तहत धारा 318(4), 317(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामद सामान

03 मोबाइल फोन, 06 डेबिट कार्ड, 10 मोबाइल सिम, 02 बैंक पासबुक, ₹1,350 नकद

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुबोध यादव, हेड कांस्टेबल रविन्द्र प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल अंकित आर्य, गौरीशंकर, अनुराग लाम्बा, दिपिन राठी और राजकुमार शामिल रहे।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन ट्रांसपोर्ट बुकिंग या भुगतान से पहले संबंधित संस्था की सत्यता अवश्य जांच लें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in⁠ पर ऑनलाइन शिकायत करें। साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment