फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2026 ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर किसानों व महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर महिलाओं और बच्चों की संख्या भी लगातार बढ़ती रही। कई महिलाएं और बच्चे रातभर धरना स्थल पर डटे रहे।
बुधवार सुबह किसान अपने दैनिक कार्य निपटाकर बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने लगे। दोपहर तक धरना स्थल पर किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। किसानों ने चकबंदी विभाग की कथित कार्यशैली का विरोध करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य और जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई।
पुलिस पर लगाया दोहरे रवैये का आरोप
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि संगठन बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के विचारों का अनुयायी है और किसान हिंसा में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता की गई, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं। इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किसानों और महिलाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए। उन्होंने इसे पुलिस का दोहरा रवैया बताते हुए किसानों की शिकायत पर भी निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
1000 ट्रैक्टरों से कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत के नेतृत्व में 1000 ट्रैक्टरों के साथ जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में गौरव टिकैत से वार्ता हो चुकी है और सभी ब्लॉक अध्यक्षों से भी बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक से बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ किसान कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। संगठन का कहना है कि किसानों पर दर्ज मुकदमे समाप्त होने और चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों की मांगों पर समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
अजय कटियार ने कहा कि धरना स्थल पर छोटे-छोटे बच्चे भी बैठे हैं और किसानों का संघर्ष उनके भविष्य को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना संगठन का कर्तव्य है।
औद्योगिक गलियारे में जमीन जाने का भी विरोध
जिला अध्यक्ष ने औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन जाने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस बार जनपद का किसान अपनी जमीन सरकार को नहीं देगा। किसानों की जमीन और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
धरना स्थल पर जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, अजय पाल यादव, कश्मीर गंगवार, रामनरेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बड़े यादव, अजीत सोमवंशी, प्रेम चंद्र दद्दा, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
