फर्रुखाबाद:रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2026 रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और अन्य महिलाओं की मौजूदगी में दिखाया गया। कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है। फर्रुखाबाद जनपद में यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक संचालित रहेगी। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।

वरिष्ठ महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुगम परिवहन पर जोर

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का उद्देश्य 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि इस पहल से वरिष्ठ महिलाओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।

315 महिलाओं को वितरित किए गए उपहार

सजीव प्रसारण के बाद जनपद की सभी विधानसभाओं से कार्यक्रम में पहुंचीं 315 महिलाओं को सम्मान स्वरूप वस्त्र, मिष्ठान एवं स्वल्पाहार भेंट किए गए। इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और सरकार के निर्णय की सराहना की।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लगाए हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल

कार्यक्रम स्थल के बाहर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने रक्षाबंधन से संबंधित पूजा की थाली, राखी, वस्त्र एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित अन्य अतिथियों ने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।

रक्षाबंधन की गरिमा को बढ़ाते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से राखी भी बंधवाई। इस दौरान महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment