फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के संबंध में विस्तार से बताया गया।
पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
थाना नवाबगंज पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित बनाना है। इसी क्रम में क्षेत्र में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
