फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने गुरुवार को जिलाधिकारी को युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत के माध्यम से दो सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें मक्का खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर पंजीकृत किसानों की पूरी उपज खरीदने तथा ग्राम पंचायत बहोरा की चकबंदी में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में संचालित मक्का क्रय केंद्रों पर कई किसानों को यह कहकर वापस लौटा दिया जा रहा है कि खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो चुका है। जबकि किसानों ने पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराया है और लेखपाल द्वारा सत्यापन के बाद ही वे अपनी उपज लेकर क्रय केंद्र पहुंचते हैं। इसके बावजूद टोकन समाप्त होने का हवाला देकर उनकी मक्का खरीदने से इनकार कर दिया जाता है।
भाकियू (टिकैत) ने मांग की कि जिन किसानों का पंजीकरण हो चुका है, उनकी पूरी मक्का सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए। इसके लिए प्रदेश सरकार से मक्का खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की संस्तुति की जाए ताकि किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर अपनी उपज न बेचनी पड़े।
दूसरे मांगपत्र में ग्राम पंचायत बहोरा की वर्ष 2023 की चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग उठाई गई। अजय कटियार ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में चकबंदी आयुक्त अनुराग पटेल को शिकायत दी गई थी, जिस पर जांच के दौरान वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और ग्रामीणों के हस्ताक्षर सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच के निर्देश भी दिए थे, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि इस मामले को पुनः जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया है। उनके अनुसार जिलाधिकारी ने एडीएम की अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर शीघ्र जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत एवं सत्यराम राजपूत भी उपस्थित रहे।
