फर्रुखाबाद:साइबर ठगी में प्रयुक्त 13 म्यूल बैंक खातों का संचालन करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 97,256 रुपये कराए गए फ्रीज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त 13 म्यूल बैंक खातों का संचालन कर ठगी की धनराशि का लेन-देन करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 97,256 रुपये की ठगी की धनराशि फ्रीज भी कराई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ की टीम ने म्यूल बैंक खातों का गहन सत्यापन किया। जांच में ऐसे व्यक्तियों की पहचान हुई, जिनके बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगों द्वारा ठगी की रकम प्राप्त करने, उसके लेन-देन और निकासी के लिए किया जा रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में अभय श्रीवास्तव उर्फ नीलू पुत्र निवेंद्र श्रीवास्तव, अनमोल पुत्र विपिन कुमार शाक्य तथा अंकित शाक्य पुत्र सुभाष चंद्र शाक्य निवासी सातनपुर भोपत पट्टी, थाना कादरीगेट शामिल हैं।

पुलिस ने अभियुक्त अभय के विरुद्ध मु.अ.सं. 172/2026, अनमोल के विरुद्ध मु.अ.सं. 173/2026 तथा अंकित के विरुद्ध मु.अ.सं. 174/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। तीनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई को थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ एवं थाना कादरीगेट की साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क और जागरूक रहें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें अथवा निकटतम थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।

Leave a Comment