फर्रुखाबाद, द दस्तक 24:
आज शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को तहसील सदर फर्रुखाबाद में 'संपूर्ण समाधान दिवस' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर फर्रुखाबाद के माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से जनसुनवाई की गई।
समाधान दिवस के दौरान तहसील में अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे बड़ी संख्या में फरियादियों की शिकायतों को अधिकारियों द्वारा बेहद गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, बिजली, राशन और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं।
मौके पर मौजूद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही समन्वय स्थापित कर शिकायतों की वर्तमान स्थिति एवं निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही, कई गंभीर मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया।
जनसुनवाई के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष, पारदर्शितापूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को यह भी ताकीद की गई कि निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निस्तारण की गुणवत्ता से फरियादी का संतुष्ट होना अनिवार्य है।