फर्रुखाबाद:मॉडल यूथ ग्राम सभा राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में जिले का प्रतिनिधित्व, दो ग्राम प्रधान दिल्ली होंगे सम्मानित

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जनवरी 2026 मॉडल यूथ ग्राम सभा के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग करने के लिए जनपद फर्रुखाबाद से दो ग्राम प्रधानों का चयन किया गया है। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 28 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिनिधि भाग लेंगे।

जिला पंचायत राज अधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पंचायतरी राज निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद से दो ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को नामित किया गया है। चयनित प्रतिनिधि सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 04:25 बजे तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में मॉडल यूथ ग्राम सभा के अंतर्गत प्रतिभाग करेंगे।

जनपद फर्रुखाबाद से चयनित ग्राम प्रधानों में ग्राम पंचायत जनैया सटैया, विकासखंड बढ़पुर के ग्राम प्रधान श्री ज्ञानेंद्र सिंह तथा ग्राम पंचायत ठिलावल, विकासखंड बढ़पुर के ग्राम प्रधान श्री रजनेश कुमार उर्फ मोनू शामिल हैं। दोनों ग्राम प्रधान अपने-अपने गांवों में युवाओं की भागीदारी, नवाचार एवं ग्राम विकास के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर चयनित हुए हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चयनित ग्राम प्रधानों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए तथा आवश्यक समन्वय किया जाए, जिससे वे समय पर राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सकें।

इस उपलब्धि से जनपद फर्रुखाबाद को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ ग्रामीण विकास एवं युवाओं की सहभागिता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।