फर्रुखाबाद , (द दस्तक 24) :
फर्रुखाबाद में अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्री अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में साइबर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1,38,000 रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में आरोपी शैलेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम एवं पुलिस कार्यवाही:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेनापति स्ट्रीट, कोतवाली फर्रुखाबाद निवासी रीना शुक्ला पत्नी मुकेश शुक्ला ने 25 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर उनके साथ 1,38,000 रुपये का साइबर फ्रॉड किया गया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली फर्रुखाबाद में मु0अ0सं0 202/2026 धारा 318(2) बीएनएस बनाम अज्ञात के तहत मामला पंजीकृत किया गया था।
मामले की विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान आरोपी शैलेन्द्र कुमार पुत्र बच्चू लाल, निवासी मदारा, थाना सांडी, जनपद हरदोई का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी सहायता से शैलेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से साइबर फ्रॉड के जरिए अर्जित 1,30,000 रुपये नकद और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है
बरामदगी एवं पूछताछ का विवरण:
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त शैलेन्द्र कुमार ने स्वीकार किया कि उसने पैसों के लालच में आकर 1,38,000 रुपये का साइबर फ्रॉड किया था। उसने बताया कि बरामद नकद राशि 1,30,000 है जो उसने फ्रॉड के जरिए निकाली थी, जबकि शेष रकम उसने खर्च कर दी।
अपराधिक इतिहास व विधिक कार्यवाही:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है; उसके विरुद्ध थाना सांडी, जनपद हरदोई में मु0अ0सं0 511/2019 धारा 323/504/506 भादवि के तहत मामला दर्ज है। बरामदगी एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट की वृद्धि करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस टीम:
इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली कोतवाली फर्रुखाबाद की टीम में एसओ श्री धर्मेन्द्र सिंह गहलौत, उपनिरीक्षक श्री शिव कुमार, कांस्टेबल राहुल मलिक तथा रिक्रूट कांस्टेबल शिवांक तिवारी शामिल रहे।