फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 मार्च 2026 तथागत सामाजिक समिति (TSS) के पदाधिकारियों द्वारा आगामी वार्षिक उत्सव/ सामाजिक सम्मेलन में शामिल होने के लिए अधिवक्ताओं को आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी फतेहगढ़ पहुंचकर जिला अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आकाश शाक्य एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं को आमंत्रण-पत्र सौंपा और कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया।
समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य एडवोकेट तथा नगर मीडिया प्रभारी डॉ. धर्मवीर सिंह शाक्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के साथ एक बैठक भी की।
बैठक में आगामी 22 मार्च 2026, दिन रविवार को आयोजित होने वाले वार्षिक उत्सव/ सामाजिक सम्मेलन की तैयारियों और उसके उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ता साथियों ने समिति के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता एवं आर्थिक सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान अधिवक्ता अचल प्रताप सिंह कुशवाहा का जन्मदिन भी मनाया गया। इस अवसर पर सभी अधिवक्ताओं ने केक काटकर उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
तथागत सामाजिक समिति द्वारा यह वार्षिकोत्सव एवं सामाजिक सम्मेलन 22 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से ठंडी सड़क स्थित नव भारत सभा भवन, फर्रुखाबाद में आयोजित किया जाएगा। समिति की ओर से जारी आमंत्रण में बताया गया है कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना, शिक्षा के समग्र विकास के लिए प्रयास करना तथा सरकारी नौकरियों में समाज की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है।
सम्मेलन के दौरान समाज के उत्थान, एकजुटता और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में अधिवक्ता राकेश कुमार शाक्य, सुभाष चंद्र शाक्य, सर्वेश कुमार कुशवाहा, राजीव कुमार शाक्य, संदीप शाक्य, राहुल कुमार कुशवाहा, सुरजीत सिंह कुशवाहा, अवनीश कुमार शाक्य, गौतम सिंह शाक्य, यादव सिंह शाक्य, आकाश शाक्य, मनीष शाक्य, अजीत कुशवाहा, चमन शाक्य, अचल प्रताप सिंह कुशवाहा, शिवम शाक्य, बृजेश सिंह कुशवाहा, चंद्र किशोर शाक्य, अनुप सिंह शाक्य, कृपा शंकर शाक्य, रवी शाक्य, आदित्य कुमार शाक्य, सेवाराम शाक्य, संजीव कुमार शाक्य, रावेन्द्र सिंह कुशवाहा, योगेंद्र कुमार शाक्य आदि उपस्थित रहे।
