फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026 राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद के अति महत्वाकांक्षी ब्लॉक राजेपुर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने विद्यालय में उपस्थित कुल 59 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान विभिन्न रोगों से ग्रस्त पाए गए 33 छात्रों को मौके पर ही निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अधिकांश छात्र-छात्राओं में जुकाम, खांसी, सिरदर्द, चक्कर, चर्म रोग एवं दंत रोग जैसी समस्याएं पाई गईं। चिकित्साधिकारी ने छात्रों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
शिविर के दौरान डॉ. सुरेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को दिन में दो बार सही तरीके से दांत साफ करने की विधि समझाई। साथ ही हाथों को वैज्ञानिक तरीके से साफ करने का सजीव प्रदर्शन कर स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने बच्चों को खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा तंबाकू युक्त दंत मंजन का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। वर्तमान में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उन्होंने पानी को हमेशा उबालकर पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राध्यापक श्री विजय कुमार एवं श्री अनीश यादव सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से बच्चों को उपचार के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया गया।
