फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती सुनीता सैनी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, फर्रुखाबाद में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान पांच महिलाओं ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र माननीय सदस्या के समक्ष प्रस्तुत किए।
माननीय सदस्या ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा पीड़ित महिलाओं को समय से न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्राथमिक विद्यालय और जिला जेल का किया निरीक्षण
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद माननीय सदस्या श्रीमती सुनीता सैनी ने विकासखंड बढ़पुर के अमेठी कोना स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्र-छात्राओं की सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण की जानकारी ली।
इसके पश्चात उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संयुक्त चिकित्सालय डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, महिला थाना अध्यक्ष, परियोजना निदेशक, HEW, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्मिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
माननीय सदस्या ने संबंधित अधिकारियों को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं एवं बच्चों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
