फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अगस्त 2026 ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया और किसानों पर दर्ज मुकदमों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरने में किसानों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी भागीदारी की। प्रदर्शन के दौरान किसानों में जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि अब किसान डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सवाल करना चाहिए कि जब किसान मुसीबत में थे, तब कौन जनप्रतिनिधि उनकी मदद के लिए आगे आया।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में वही जनप्रतिनिधि किसानों का समर्थन करेगा, जिसे किसान अपना वोट देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव बैनर लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो जनप्रतिनिधि किसानों के साथ खड़ा होगा, उसी का गांव में स्वागत किया जाएगा, जबकि किसानों की समस्याओं से दूरी बनाने वाले जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार किया जाएगा।
सभी ब्लॉकों में ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान
अजय कटियार ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर जिले के सभी ब्लॉकों में ट्रैक्टर मार्च निकालकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को राजेपुर, 2 सितंबर को बढ़पुर, 3 सितंबर को मोहम्मदाबाद, 4 सितंबर को शमसाबाद, 5 सितंबर को नवाबगंज, 7 सितंबर को कायमगंज और 11 सितंबर को कमालगंज ब्लॉक में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।
किसानों की प्रमुख मांगों में पिछले एक माह के दौरान किसानों पर दर्ज दोनों मुकदमों को समाप्त करना तथा ग्राम सभा बराकेशव की चकबंदी प्रक्रिया को खत्म करना शामिल है। किसानों का कहना है कि वर्तमान चकबंदी प्रक्रिया उनके हित में नहीं है।
औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन लेने का भी विरोध
किसान नेता ने औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन लिए जाने का भी विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीन लेकर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान अब औद्योगिक गलियारे के लिए अपनी जमीन देने के मुद्दे पर भी मजबूती से आवाज उठाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी ने किया, जबकि अध्यक्षता दीपू यादव ने की।
इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जगन्नाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, अजयपाल यादव, दीपू राठौर, आनेन्द्र गंगवार, शिवराम शाक्य, रजत गंगवार, धर्मेंद्र राठौर, सचिन राठौड़, सत्यवीर राठौर, प्रेम चंद्र दद्दा, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
