फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी की सख्ती: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ा रुख

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जनवरी 2026 आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर काफ़ी सख्त नजर आए और कई बिंदुओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने चिकित्सालयों में फार्मासिस्टों की अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही बताते हुए सभी सातों विकास खंडों से निर्देशित किया कि वे कल या परसों तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कहां-कहां आवश्यक चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध नहीं हैं और किन स्थानों पर कोल्ड चैन बाधित है।

शमशाबाद क्षेत्र स्थित जर्जर चिकित्सालय को लेकर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही निष्क्रिय एवं लापरवाह कर्मचारियों को चिन्हित करने हेतु तीन सदस्यीय समिति गठित की गई, जो ऐसे कर्मचारियों को सेवा मुक्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि यह कार्यवाही नहीं की गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को प्रतिदिन निगरानी करने तथा अधीनस्थों से आवश्यक डाटा प्रतिदिन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “निकम्मों की फौज की कोई आवश्यकता नहीं है।”

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रति माह एक लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया और सक्षम प्राधिकारी को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अधीनस्थ अधिकारी अपने कार्य में 100 प्रतिशत योगदान दें।

प्रतिरक्षण अधिकारी एवं उनके अधीनस्थों के कार्य को असंतोषजनक बताते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। कायमगंज क्षेत्र में मात्र 41 प्रतिशत कार्य प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के आदेश दिए गए। साथ ही निष्क्रिय कार्य के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को आरोप पत्र देने एवं निलंबन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी बताया गया कि टीकाकरण के क्षेत्र में विभाग की प्रगति संतोषजनक है। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को बेसिक शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं के त्रिआयामी एवं बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से सभी स्कूलों, उनमें नामांकित बच्चों एवं उनके क्षेत्र का विवरण प्राप्त करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि कोई विद्यालय सहयोग नहीं करता है तो इसकी सूचना दी जाए। आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे की जाएगी।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।