फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 फरवरी 2026 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने रविवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नवाबगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बालिकाओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की जांच की। मेन्यू के अनुसार मटर पनीर की सब्जी, पूड़ी, चावल और रसगुल्ला परोसा गया था। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने स्वयं छात्राओं से संवाद कर उनके पठन-पाठन के संबंध में जानकारी ली तथा उनसे कविताएं भी सुनीं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में कुछ आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए। उन्होंने खराब हो रहे फर्नीचर की शीघ्र मरम्मत कराने, शौचालयों में नल एवं फ्लश ठीक कराने तथा विद्यालय भवन के पिछले हिस्से में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, नवाबगंज भी उपस्थित रहे।
