फर्रुखाबाद:गंगा किनारे संभावित कटान का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, मोटर बोट से किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2026 जनपद में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटान की आशंका को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं ब्रिगेडियर मनीष जैन ने गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित कैंट एरिया, किला घाट और रानी घाट का मोटर बोट से निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के बहाव, तटों की स्थिति तथा संभावित कटान वाले क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कटान की संभावनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित कटान को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक परियोजना तैयार की जाए तथा प्रभावी कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनहित एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment