देश की राजधानी दिल्ली में 24 जुलाई, 2026 को मुस्लिम सियासी नेताओं और मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोगों की एक बड़ी बैठक आयोजित होने वाली है. यह बैठक देश के मौजूदा हालात, अलग-अलग राज्यों में मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर की लगातार कार्रवाई, समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू किए जाने, मुस्लिमों के खिलाफ बढ़ते विरोध और मुसलमानों के सामने पेश आ रही मुश्किलों पर गंभीर चर्चा के लिए आयोजित की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में कांग्रेस पार्टी के सलमान खुर्शीद, AIMIM प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी, सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और कई अन्य राजनीतिक पार्टियों के मुस्लिम सांसद और नेता शामिल होंगे. इसके अलावा, मुस्लिम संगठनों की तरफ से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी, जमीयत उलमा-ए-हिंद (महमूद गुट) के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी, जमात-ए-इस्लामी हिंद, जमात-ए-अहले हदीस और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के लोग भी मौजूद रहेंगे.
