फर्रुखाबाद:मेला श्री रामनगरिया 2025-26 का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण


फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत आयोजित होने वाले मेला श्री रामनगरिया 2025-26 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेले में की जा रही तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया।


जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अलाव एवं कम्बल वितरण, ट्रैफिक डायवर्जन, संकेतक बोर्ड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं स्पष्ट रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए गए।


अधिकारियों ने कहा कि मेला अवधि के दौरान निरंतर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में मेला दर्शन कर सकें।