फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जनवरी 2026 सी पी विद्या निकेतन में आज इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में चाइनीज मांझा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फर्रुखाबाद के एडिशनल जज संजय कुमार रहे, जिन्होंने बच्चों को चाइनीज मांझा का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए एडिशनल जज संजय कुमार ने कहा कि चाइनीज मांझा अत्यंत घातक होता है, जिससे न केवल मनुष्य बल्कि पक्षी और अन्य जीव-जंतु भी गंभीर रूप से घायल होते हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं भी इसका प्रयोग न करें और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी की पैटर्न सदस्य एवं विद्यालय की निदेशक मिथलेश अग्रवाल ने समाज में जागरूकता फैलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।
इस दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष शीश मल्होत्रा, जवाहर सिंह गंगवार, सुरेंद्र सिंह राणा, निशांत तिवारी, सी पी विद्या निकेतन के प्रधानाचार्य योगेश चंद्र तिवारी, आर. के. बाजपेई, वाइस प्रिंसिपल दीपक कुमार जेना सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नर्सरी विंग के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सर्कस कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में चाइनीज मांझा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा, जिसमें विद्यालय और रेड क्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
