फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मार्च 2026 तथागत सामाजिक समिति (TSS) द्वारा आगामी 22 मार्च 2026, रविवार को वार्षिक उत्सव एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ठंडी सड़क स्थित नव भारत सभा भवन में प्रातः 10 बजे से शुरू होगा। समिति ने समाज के सभी लोगों से बड़ी संख्या में अपने परिवार सहित शामिल होने का आह्वान किया है।
समिति के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में ब्लॉक कमालगंज के गांव वर्ना बुजुर्ग में श्री जितेंद्र कुमार शाक्य तथा चौकी महमदपुर में सौरभ कुमार कुशवाहा को ग्राम पंचायत अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को सम्मेलन के आमंत्रण पत्र भी वितरित किए गए।
पदाधिकारियों ने बढेली, पिपरगांव, मतापुर, दहेलिया, वाहिदपुर, जैतपुर, चौकी महमदपुर, वर्ना बुजुर्ग, गढ़िया ठिलावल, आरमपुर, अजमतपुर और कुइयाँबूंट सहित कई गांवों में भ्रमण कर लोगों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, पुस्तकालय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाक्य, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजवीर शाक्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में संगठन को मजबूत करना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और शिक्षा के क्षेत्र में समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा करना है। इसके अलावा युवाओं की सरकारी नौकरियों में भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक जागरूकता फैलाने और आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
समिति का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से समाज को एक मजबूत मंच मिलता है, जहां लोग अपनी समस्याओं, सुझावों और संभावनाओं पर खुलकर चर्चा कर सकते हैं, जिससे सामाजिक एकता और प्रगति को नई दिशा मिलती है।
