फर्रुखाबाद: बोर्ड परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण व नक़ल-विहीन कराने हेतु प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 फरवरी 2026 आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी तथा नक़ल-विहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों की निगरानी, उड़नदस्ता टीमों की सक्रियता तथा परीक्षा अवधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा से पहले सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं और परीक्षा के दौरान पारदर्शिता बनाए रखते हुए शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा को निष्पक्ष और अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करें।