फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मार्च 2026 आगामी पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जिला कोषागार फतेहगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर की सुरक्षा, सीसीटीवी व्यवस्था, प्रवेश-निकास बिंदुओं और संवेदनशील स्थानों की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित सभी सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने और परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
