फर्रुखाबाद:गणतंत्र दिवस 2026 पर फतेहगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण, उत्कृष्ट सेवा हेतु अधिकारी व कर्मचारी सम्मानित

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस–2026 के पावन अवसर पर जनपद फतेहगढ़ पुलिस के लिए यह दिन गौरव और सम्मान से भरा रहा। गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद के चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट, सराहनीय एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न सेवा पदकों एवं सम्मान चिह्नों से अलंकृत किया गया।

इस अवसर पर गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के उपलक्ष्य में कुछ अराजपत्रित अधिकारियों/कर्मचारियों को “राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक (PSM)” एवं “सराहनीय सेवा पदक (MSM)” प्रदान किए जाने की स्वीकृति दी गई।

इसके अतिरिक्त जनपद फतेहगढ़ में कार्यरत कई पुलिसकर्मियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और सुदृढ़ करता है।

वहीं पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा कुछ कार्मिकों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र (स्क्रॉल) प्रदान किया गया। साथ ही सेवा अभिलेख एवं शौर्य/ऑपरेशनल कार्यों के आधार पर चयनित पुलिसकर्मियों को प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) से भी सम्मानित किया गया।

जनपद पुलिस प्रशासन ने सम्मानित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा, ईमानदारी और साहस के साथ जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में अपना योगदान देते रहेंगे। यह उपलब्धि पूरे फतेहगढ़ पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।