फर्रूखाबाद (द दस्तक 24):
शारदीय नवरात्रि 2026 के पावन पर्व पर मिशन शक्ति फेज-6 के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहगढ़ में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। श्रीमान पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद जी, जिलाधिकारी फर्रूखाबाद तथा पुलिस अधीक्षक जनपद फतेहगढ़ के कुशल निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
रैली का शुभारंभ:
अधिकारियों द्वारा मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत इस भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा मय मिशन शक्ति टीम के साथ इस जन-जागरूकता रैली/फुट मार्च का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन फतेहगढ़ से किया गया, जो कोतवाली फतेहगढ़ और कोतवाली फर्रूखाबाद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पुलिस लाइन फतेहगढ़ परिसर में आकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान दिया गया संदेश:
रैली में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, विधायक श्री नागेन्द्र राठौर जी, विधायक श्रीमती डॉ० सुरभि गंगवार जी व अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, उनके कानूनी अधिकारों तथा स्वावलंबन के प्रति समाज को जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों को महिला सुरक्षा से जुड़ी शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी:
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी आपात स्थिति या अपराध के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार किया गया:
- पुलिस आपातकालीन सेवा : 112
- स्वास्थ्य सेवा / एंबुलेंस : 102, 108
- वीमेन पावर लाइन : 1090
- चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098
- वीमेन हेल्पलाइन : 181
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन : 1076
- साइबर अपराध हेल्पलाइन : 1930 आदि
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या किसी भी अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में महिलाएं बिना किसी संकोच के इन नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं और पुलिस से तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।