फर्रुखाबाद:22 फरवरी को ऑफिसर क्लब में लगेगा मेगा कैंप, 44 विभागों के अधिकारी करेंगे जनसमस्याओं का समाधान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 फरवरी 2026 जनपद के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 22 फरवरी को प्रातः 10 बजे फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर क्लब परिसर में बृहद मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा।

इस मेगा कैंप में जिला जज नीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नोडल अधिकारी/अपर जिला जज संजय कुमार (VI) ने बताया कि कैंप के सफल आयोजन के लिए अधिकार मित्र एवं पैरा लीगल वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रियंका गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेगा कैंप में लगभग 44 विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी स्टॉल लगाकर नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी करेंगे।

कैंप में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना तथा किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर अधिकार मित्र एवं पैरा विधिक स्वयंसेवक हेतराम, अनुज कुमार, गौरव गौतम, शीला कटियार, दया प्रभा और अंजली सहित अन्य स्वयंसेवक भी लोगों को जागरूक करने में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।