फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2026 जनपद में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के तत्वावधान में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-36 के आठवें दिन 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। शिविर के कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के निर्देशन में फतेहगढ़ स्थित किला घाट पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
योग कार्यक्रम में कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के साथ डिप्टी कैंप कमांडेंट संदीप माधव, कैंप एडजुटेंट कैप्टन गिरिजा शंकर, सीनियर कैंप जेसीओ सूबेदार मेजर नवीन कुमार, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ तथा कैडेट्स उपस्थित रहे। शिवाय योग पीठ के योगाचार्य अमित सक्सेना ने कैडेट्स को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व से अवगत कराया।
योग कार्यक्रम के उपरांत शिविर में प्रतिभाग कर रहे विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स के मध्य ड्रिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एमआईसी फतेहगढ़, जीआईसी फतेहगढ़, डीएनपीजी कॉलेज, आरपी डिग्री कॉलेज, आरपी इंटर कॉलेज, एसएनएम इंटर कॉलेज कायमगंज, हीरालाल कॉलेज छिबरामऊ, जेडीजे इंटर कॉलेज छिबरामऊ, एसपीएस इंटर कॉलेज राजेंद्र नगर, बीआर इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद, आर्मी पब्लिक स्कूल तथा सीपीवीएन इंटर कॉलेज कायमगंज सहित कई शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स ने प्रतिभाग किया।
कड़े मुकाबले के बाद म्युनिसिपल इंटर कॉलेज (एमआईसी) फतेहगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में बाजी मारी। कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने विजेता टीम को बधाई देते हुए अनुशासन बनाए रखते हुए और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
ड्रिल प्रतियोगिता का मूल्यांकन आरआरसी फतेहगढ़ के ड्रिल इंस्ट्रक्टर कृष्ण कुमार, चीफ ऑफिसर सतीश चंद्र यादव तथा ट्रेनिंग जेसीओ गिरिराज किशोर ने किया। इस अवसर पर कर्नल खारोड़ ने योगाचार्य अमित सक्सेना एवं ड्रिल इंस्ट्रक्टर कृष्ण कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कैंप एडजुटेंट कैप्टन गिरिजा शंकर ने विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए सभी कैडेट्स को भविष्य में आरडीसी परेड की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर नमामि गंगे समिति की परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर व्याख्यान दिया। इसके साथ ही सभी एनसीसी कैडेट्स द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में समस्त एनसीसी अधिकारी एवं पीआई स्टाफ मौजूद रहे।
