बरेली:चौथे रक्तदान शिविर में उमड़ा युवाओं का जोश, 101 रक्तवीरो ने किया रक्तदान मिलादुन्नबी की निस्वत से GWS और खिदमत-ए-इंसानियत का आयोजन, चार शिविरों में अब तक 286 यूनिट रक्तदान।

बरेली/बहेड़ी। मिलादुन्नबी की निस्बत से ग्रेसियस वेलफेयर सोसाइटी (GWS) और खिदमत-ए-इंसानियत की ओर से रविवार 30 अगस्त को चौथे रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एसआरएमएस ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में बहेड़ी समेत आसपास के शहरों से पहुंचे युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 101 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
GWS की ओर से बहेड़ी में आयोजित यह चौथा रक्तदान शिविर था। इससे पहले तीन शिविरों में क्रमशः 63, 81 और 41 यूनिट रक्तदान हुआ था। चारों शिविरों को मिलाकर अब तक 286 यूनिट रक्तदान कराया जा चुका है। चौथे शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
रक्तदान करने वालों में बहेड़ी के अलावा सितारगंज, किच्छा और रुद्रपुर के युवाओं ने भी भाग लिया। शिविर में दो महिलाओं ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सितारगंज से मौलाना आरिफुल कादरी वाहिदी, इश्तियाक अंसारी, कासिम वाहिदी और अधिवक्ता मुशीर लारी पहुंचे। रुद्रपुर से गुफरान खान और अकरम खान ने सहभागिता की, जबकि किच्छा से जीशान मलिक मौजूद रहे। किसान यूनियन से जुबैर सिद्दीकी अपनी टीम के साथ पहुंचे। व्यापार मंडल बहेड़ी से हाजी इरशाद अहमद ने भी शिविर में उपस्थिति दर्ज कराई।
रक्तवीरों का कहना था कि रक्तदान करने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है। जरूरतमंद लोगों की जान बचाने और उनकी मदद करने का यह सुनहरा अवसर है। उनका कहना था कि किसी जरूरतमंद तक उनका रक्त पहुंचकर उसकी जिंदगी बचा सके, इससे बड़ी खुशी और कोई नहीं हो सकती।
आयोजकों ने बताया कि GWS और खिदमत-ए-इंसानियत की पूरी टीम ने शिविर को सफल बनाने के लिए मेहनत की। टीम के सदस्यों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ व्यवस्थाएं संभालीं। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और एसआरएमएस ब्लड बैंक की टीम का आभार जताया।

Leave a Comment