अलीगंज (बरेली)। अलीगंज बिजली फीडर के ग्राम राजपुर कला में रविवार रात करीब 4 बजे खंभे पर केबल जलने से कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ हिस्सों में बिजली के तारों पर अत्यधिक लोड है। लोड बढ़ने पर केबल धीरे-धीरे जलने लगती है और कई बार टूटकर जमीन पर गिर जाती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। केबल जलने के कारण ग्रामीणों को घंटों बाद ही बिजली मिल पाती है, लाइनमैन के आने और जले हुए तार को जोड़ने के बाद ही आपूर्ति बहाल होती है।
इस समस्या को लेकर समाजसेवी मोहित पोरवाल ने कई बार आवाज उठाई है। उनका कहना है कि जहां ज्यादा लोड है, वहां केबल बदली जाए या दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाए ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो।
पोरवाल ने बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि केबल जलने से उपभोक्ताओं को घंटों बिजली नहीं मिलती, जिससे भारी परेशानी होती है। उन्होंने विभाग से जल्द समाधान की अपील की है।
