अयोध्या:पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगा संगठन, अयोध्या में 101 पत्रकार हुए ‘अटल अवार्ड’ से सम्मानित

अयोध्या:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2026 प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को अयोध्या धाम स्थित दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय के प्रेक्षागृह में गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या और गोंडा मंडल के पत्रकारों का सम्मेलन एवं अटल अवार्ड सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मेलन में पत्रकारों के मौलिक अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महंत परशुराम दास ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ और समाज का आईना है। उन्होंने कहा कि आज देश समाचारों पर भरोसा करता है, इसलिए पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ लोग छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर और बड़ी घटनाओं को कम महत्व देकर पत्रकारिता की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

एसोसिएशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने कहा कि यदि वर्ष 2027 से पहले केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों के मौलिक अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाती है तो संगठन “सम्मान बचाओ, अधिकार दिलाओ” अभियान के तहत सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए रोटी, कपड़ा, मकान और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी संगठन आवाज बुलंद करेगा।

राष्ट्रीय सचिव डॉ. के. प्रधान त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न का मुद्दा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि पत्रकारों को न्याय और सम्मान मिल सके।

गोरखपुर मंडल प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव रवि शंकर पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल मिलकर पत्रकारों के अधिकारों और समस्याओं को विधानसभा चुनाव से पहले उठाएगा।

भारत-नेपाल पत्रकार मैत्री संघ के राष्ट्रीय सचिव शेर सिंह कासौधन ने कहा कि संगठन पत्रकारों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अयोध्या मंडल प्रभारी बलराम मौर्य ने सम्मेलन में आए सभी अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या मंडल के पत्रकार संगठन की हर लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में पत्रकारों के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई जिलों में पत्रकारों की हत्या, फर्जी मुकदमे और प्रशासनिक उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सचिवालय में प्रवेश से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न मंडलों से आए 101 पत्रकारों को ‘अटल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय के महाप्रबंधक बी.के. मिश्रा एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सभी सम्मानित पत्रकारों को भगवान राम का पटका, सम्राट अशोक प्रतीक चिह्न और अटल अवार्ड प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वागत अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव भानु प्रताप सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सुनील त्रिपाठी द्वारा राष्ट्रगान से की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महंत परशुराम दास ने संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा को पगड़ी पहनाकर एवं भगवान राम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार मौर्य, राजेश जायसवाल, कृष्णा कन्हैया लाल मौर्य, डॉ. सरवर हुसैन, चंद्र प्रकाश शुक्ला, गजेंद्र सिंह, जी.पी. दीक्षित, दिनेश कुमार मौर्य एडवोकेट, उमाशंकर तिवारी, वैभव त्रिपाठी, विशाल दुबे, काशीराम मौर्य, संतोष कुमार मिश्रा, राजेश शर्मा, अशोक सिंह, श्याम बाबू, रामकेर सिंह, सुजीत कुमार, लक्ष्मण प्रसाद, रूबी सोनी, मंजू चौधरी, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, आचार्य स्कंद दास, परमजीत कौर, मुकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment