फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जनवरी 2026 आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में निर्वाचन विषयक एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया गया। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं मतदाता सत्यापन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि जिन मतदाताओं का जन्म सन 1985 या उसके बाद हुआ है, उन्हें SIR फॉर्म में अपना EPIC (वोटर आईडी) नंबर दर्ज करते हुए अन्य आवश्यक विवरण भरकर औपचारिकता पूर्ण करनी होगी। वहीं 1985 से पूर्व जन्मे व्यक्तियों को अपने किसी संबंधी का EPIC नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 1985 के बाद जन्मे व्यक्तियों को आधार कार्ड या निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 13 वैध प्रपत्रों में से किसी एक पहचान पत्र को प्रस्तुत करना होगा। इनमें किसान विकास पत्र, बैंक एफडी, राज्य के सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र या अन्य राज्य द्वारा जारी एनआरसी जैसे दस्तावेज शामिल हैं। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आधार केवल पहचान का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि एक दिन में अधिकतम 150 नोटिस ही जारी किए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति को तीन बार से अधिक नोटिस जारी नहीं किए जाएंगे। नोटिस प्राप्त करने वाले व्यक्ति का नाम व उसके संबंध का विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा तथा प्रस्तुत किए गए प्रपत्रों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा।
बताया गया कि फिलहाल सभी संबंधित लॉगिन पासवर्ड डिफॉल्ट स्थिति में हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में RO एवं ARO की नियुक्ति होगी। दंडाधिकारी निर्वाचन आयोग होगा तथा अपील की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। पूरी प्रक्रिया समयबद्ध होगी।
BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) सत्यापन के दौरान मूल प्रपत्र मांग सकते हैं, जिन्हें देखने के बाद वापस कर दिया जाएगा। BLO अपने विवेक से प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल भारत के नागरिकों का ही EPIC बने।
साथ ही यह भी कहा गया कि किसी व्यक्ति का अनमैप्ड होना यह सिद्ध नहीं करता कि वह भारतीय नागरिक नहीं है, लेकिन उसे आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि कल से नोटिस जारी किए जा सकेंगे। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
