फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, फर्रुखाबाद द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों पर चर्चा की और जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट जारी किए गए, जिनके माध्यम से वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। साथ ही सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ऐसे मामलों में घायलों को तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाने से उनकी जान बचाई जा सकती है। आमजन से अपील की गई कि दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी हिचकिचाहट के पीड़ित की सहायता करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। जनपदवासियों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन करने की अपील की गई।
