फर्रुखाबाद में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: ब्लैक स्पॉट सुधार, स्कूल वाहनों की सख्त निगरानी और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की, जबकि भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में आंतरिक सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों से सात दिनों के भीतर यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए कि उनके विद्यालय से संचालित सभी वाहन सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षा अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह ने भी सुझाव दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा संबंधित विद्यालयों के संचालकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए जाएं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment