फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में 4वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अदिति सिंह ने सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रिया साध ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध एवं सचिव अजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग किया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्याएं, ताइक्वांडो प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, कर्मचारी, सहयोगी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। देर शाम फैमिली कोर्ट की अपर जिला जज श्रीमती अंजू कुशवाह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है।
