फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 जनपद में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बीट पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से फतेहगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन – ग्राम संवाद” अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 27 जून 2026 से शुरू किया गया है।
अभियान का संचालन अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सरकारी संस्थानों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर ग्राम अपराध रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को अद्यतन करना, बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना तथा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करना है। इसके साथ ही बीट पुलिस अधिकारी, उपनिरीक्षक एवं निरीक्षक ग्राम स्तर पर जाकर स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सी-प्लान एप्लिकेशन में दर्ज सूचनाओं का भी सत्यापन एवं अद्यतन कर रहे हैं।
अभियान के दौरान गांवों और मोहल्लों में चल रहे छोटे-छोटे विवादों की गोपनीय जानकारी लेकर उनका समयबद्ध समाधान कराने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध खनन जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहे अपराधियों की पहचान कर उन्हें दोबारा अपराध से दूर रहने के लिए चेतावनी और आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
फतेहगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन ग्राम संवाद” का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना भी है। अभियान के माध्यम से बीट पुलिसिंग को सक्रिय बनाकर प्रत्येक गांव और मोहल्ले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
