फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जनवरी 2026 सम्राट अशोक जयंती 2026 को लेकर फर्रुखाबाद जनपद में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी क्रम में गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे महावीर इंटर कॉलेज, नगला खैर बंद (फर्रुखाबाद) में सम्राट अशोक के अनुयायियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 25 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली सम्राट अशोक जयंती एवं भव्य शोभायात्रा की रूपरेखा तय करना रहा।
बैठक में मौजूद सभी 15 सदस्यों ने क्रमवार अपने-अपने सुझाव रखे। इस दौरान पिछली शोभायात्रा में सामने आई कमियों और व्यवस्थागत त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक अनुशासित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण
बैठक में यह भी तय किया गया कि शोभायात्रा में इस बार कई आकर्षक झांकियां शामिल की जाएंगी। इनमें तथागत बुद्ध, सम्राट अशोक, माता सावित्रीबाई फुले, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों के चित्र एवं प्रतिमाएं रथों पर प्रदर्शित की जाएंगी, जो सामाजिक समरसता और उनके विचारों का संदेश देंगी।
तय हुआ शोभायात्रा का मार्ग और समय
आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा का शुभारंभ बीबीगंज क्षेत्र से होगा, जो तिकोना चौकी, चौक, रेलवे स्टेशन होते हुए श्रीमती श्यामा देवी शाक्य सभागार में जाकर सम्पन्न होगी।
शोभायात्रा से पूर्व बीबीगंज क्षेत्र में एक विशेष मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद शाम 4:00 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन अनुमानतः शाम 7:00 बजे तक किया जाएगा।
शोभायात्रा के समापन के पश्चात श्रीमती श्यामा देवी शाक्य सभागार में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
प्रभारी मंत्री से शुभारंभ का प्रस्ताव
बैठक की एक अहम उपलब्धि यह रही कि सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि इस वर्ष शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन मंत्री एवं जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह द्वारा फीता काटकर कराया जाए। साथ ही जनपद के सांसद, सभी विधायक, जिला पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि इस बार सम्राट अशोक जयंती का आयोजन न केवल ऐतिहासिक होगा, बल्कि यह सामाजिक एकता, भाईचारे और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग
बैठक में सुभाष शाक्य (एडवोकेट), नरेंद्र शाक्य (जिला पंचायत सदस्य), हैप्पी शाक्य (जिला अध्यक्ष, अपनी जनता पार्टी), प्रवेश शाक्य (शिक्षक), डॉ. धर्मवीर सिंह शाक्य (पत्रकार), एडवोकेट अंकित शाक्य, अर्पित शाक्य (संपादक, INDC Network), जतिन शाक्य (समाजसेवी), एडवोकेट अचल प्रताप, मिथुन शाक्य (पूर्व प्रधान), एडवोकेट शिवम शाक्य, एडवोकेट यादव सिंह शाक्य, अंकित शाक्य (निवासी खानपुर), सुब्रत शाक्य उर्फ राजन (शिक्षक) एवं महेंद्र शाक्य (एलआईसी प्रतिनिधि) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
