अलीगंज (बरेली), 30 अगस्त। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना अलीगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष जगत सिंह ने की।
बैठक में उपनिरीक्षक नेपाल सिंह, उपनिरीक्षक रूप किशोर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा अलीगंज, गैनी, खैलम, मंडौरा, महोलिया, राजपुर आदि गांवों के प्रधान, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष जगत सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उपस्थित ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी का पर्व शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा और पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
