फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2026 पुलिस विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह का बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया। वह वर्तमान में पुलिस लाइन फतेहगढ़ स्थित वर्दी स्टोर में नियुक्त थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह को पुलिस लाइन फतेहगढ़ में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह के कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से पुलिस परिवार ने एक कर्मठ एवं समर्पित साथी को खो दिया है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल गमगीन रहा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पुलिस विभाग ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
